पटना , जनवरी 25 -- गणतंत्र दिवस के अवसर पर बिहार पुलिस के कुल 22 पदाधिकारियों और कर्मियों को उनकी बहादुरी, विशिष्ट सेवा और सराहनीय कार्यों के लिये केंद्र सरकार की ओर से पुलिस पदकों से सम्मानित किया गया है।

इस अवसर पर बिहार पुलिस के तीन पदाधिकारियों को 'पुलिस वीरता पदक' से सम्मानित किया गया है। इनमें पुलिस महानिदेशक कुंदन कृष्णन, सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक अर्जुन लाल और पुलिस अवर निरीक्षक जितेंद्र सिंह शामिल हैं। इन अधिकारियों को असाधारण साहस और जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये यह पदक प्रदान किया गया है।

वहीं, दो पदाधिकारियों को 'राष्ट्रपति पुलिस विशिष्ट सेवा पदक' से नवाजा गया है। इस प्रतिष्ठित सम्मान को प्राप्त करने वालों में पुलिस उपाधीक्षक उमेश लाल रजक और पुलिस अवर निरीक्षक नवरत्न कुमार शामिल हैं, जिन्हें पुलिस सेवा में दीर्घकालिक और विशिष्ट योगदान के लिये यह सम्मान दिया गया है।

इसके अतिरिक्त, बिहार पुलिस के 17 पदाधिकारियों और कर्मियों को 'पुलिस सराहनीय सेवा पदक' से सम्मानित किया गया है। इनमें अपराध अनुसंधान विभाग के पुलिस महानिरीक्षक दलजीत सिंह, मानवाधिकार और निगरानी के पुलिस उप- महानिरीक्षक राजीव रंजन-2 और अजय कुमार पांडेय, पुलिस उपाधीक्षक शैलेश मिश्रा, पुलिस अवर निरीक्षक मो. ऐनुल हक, ऋषिकेश कुमार, मनोज कुमार और निक्कू कुमार सिंह, सहायक पुलिस अवर निरीक्षक नागेंद्र पांडेय, हवलदार संजय कुमार सिंह, सुकरा उरांव, धर्मेंद्र कुमार, जवाहर लाल मंडल, उमेश कुमार सिंह, ओम प्रकाश और मो. रफी के साथ ही सिपाही मनोज कुमार सिंह भी शामिल हैं। यह पदक पुलिसकर्मियों को उनकी उत्कृष्ट, अनुकरणीय और प्रशंसनीय सेवाओं के लिये प्रदान किया जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित