रांची , जनवरी 26 -- झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जामताड़ा जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
वहीं जामताड़ा जिला राष्ट्रभक्ति और उत्साह के रंग में रंगा नजर आया।
डॉ अंसारी ने जनसेवा, सामाजिक समरसता और विकास का सशक्त संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत जामताड़ा आवास से हुई, जहाँ से मंत्री इंदिरा चौक पहुँचे और विधिवत झंडोत्तोलन कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके पश्चात उन्होंने टावर चौक स्थित वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की। सुभाष चौक पर नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद मंत्री एसबीआई मुख्य शाखा परिसर पहुँचे, जहाँ महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर, भगवान बिरसा मुंडा और सिद्धू-कान्हू मुर्मू की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया।
इसके बाद गांधी मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में डॉ. अंसारी ने ध्वजारोहण किया, परेड का निरीक्षण किया और उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
दिन भर मंत्री ने जूली मेडिकल, कांग्रेस कार्यालय, महिला कॉलेज, मुस्कान अस्पताल और सबीना अस्पताल सहित कई स्थानों पर झंडोत्तोलन किया। सबीना अस्पताल में एक दिव्यांग व्यक्ति के हाथों झंडोत्तोलन कराकर उन्होंने सामाजिक समावेशन और मानवीय संवेदना का संदेश दिया, जिसकी व्यापक सराहना हुई।
दिन के अंतिम चरण में मंत्री नारायणपुर पहुँचे, जहाँ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ झंडोत्तोलन किया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर डॉ. इरफान अंसारी ने लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित