जालंधर , जनवरी 24 -- पंजाब में जालंधर के जिला उपायुक्त डाॅ हिमांशु अग्रवाल ने शनिवार को बताया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को जिला स्तरीय समागम के दौरान कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल राष्ट्रीय झंडा लहराएंगे।
स्थानीय गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में गणतंत्र दिवस की फुल ड्रेस रिहर्सल की गयी, जिसमें जिला उपायुक्त डाॅ हिमांशु अग्रवाल ने राष्ट्रीय झंडा लहराया । उन्होंने परेड कमांडर अशोक मीणा के नेतृत्व वाले मार्च पास्ट से सलामी ली। परेड में आई.टी.बी.पी., पंजाब पुलिस (पुरुष और महिला), पंजाब होमगार्ड, एन.सी.सी. (लड़के और लड़कियां), लायलपुर खालसा स्कूल (लड़के), सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल नेहरू गार्डन, डी.एस.एस.डी. सीनियर सेकेंडरी स्कूल, लायलपुर खालसा स्कूल (लड़कियां) की टुकड़ियां और सी.आर.पी.एफ. का बैंड शामिल था।
इसके बाद पंजाब सरकार की लोक भलाई योजनाओं को दर्शाती झांकियां प्रदर्शित की गयीं। अलग-अलग स्कूलों और कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा देश भक्ति की भावना वाली सांस्कृतिक झांकियां पेशकश की गयीं। इससे पहले स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक पी.टी. शो पेश किया गया।
उपायुक्त ने कहा कि समागम के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के परिवारों को सम्मानित किया जायेगा। इसके अलावा अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने अधिकारियों/ कर्मचारियों को सम्मानित किया जायेगा। डाॅ अग्रवाल ने बताया कि समागम दौरान सर्व-उत्तम झांकी और सर्व-उत्तम सांस्कृतिक पेशकश का चुनाव किया जाएगा, जिसका विशेष सम्मान किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित