रामनगर,26जनवरी (वार्ता) उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट एवं समर्पित कार्य करने वाले कार्मिकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर परिषद कार्यालय में तैनात प्रधान सहायक भूपेंद्र सिंह को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

भूपेंद्र सिंह वर्तमान सत्र में उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद बोर्ड के गोपनीय-5 अनुभाग में प्रधान सहायक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने परिषद कार्यालय के प्रति पूर्ण निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपने पटल से संबंधित कार्यों का निर्वहन किया। साथ ही, उच्चाधिकारियों द्वारा समय-समय पर सौंपे गए दायित्वों को भी उन्होंने पूरी ईमानदारी, अनुशासन और दक्षता के साथ संपादित किया।

परिषद प्रशासन ने बताया कि भूपेंद्र सिंह ने अपने कार्य में दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और सकारात्मक कार्यशैली का परिचय देते हुए कार्यालयीन कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने में अहम भूमिका निभाई है। उनकी कार्यकुशलता और जिम्मेदार रवैये के कारण परिषद के कई महत्वपूर्ण कार्य समयबद्ध एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुए।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड के सचिव विनोद कुमार सिमल्टी ने भूपेंद्र सिंह को प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सचिव ने अपेक्षा जताई कि भूपेंद्र सिंह भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए परिषद की गरिमा को बनाए रखेंगे।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी भूपेंद्र सिंह को बधाई दी और उनके कार्य को प्रेरणादायक बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित