रामनगर , जनवरी 22 -- उत्तराखंड के रामनगर में गणतंत्र दिवस को लेकर पीएनजीपीजी महाविद्यालय में एनसीसी कैडेट्स की तैयारियां जोरों पर हैं। महाविद्यालय परिसर में सुबह से ही एनसीसी कैडेट्स अनुशासन और जोश के साथ परेड अभ्यास में जुटे हुए हैं।
एनसीसी कैडेट्स द्वारा परेड, कदमताल, ड्रिल और राज ध्वज को सलामी देने का अभ्यास लगातार किया जा रहा है। महाविद्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है, जहां "जय हिंद" और अनुशासन की गूंज सुनाई दे रही है।
इस संबंध में महाविद्यालय के एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. डी.एन. जोशी ने बताया कि 26 जनवरी को महाविद्यालय में गणतंत्र दिवस पूरे सम्मान और गरिमा के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस दिन एनसीसी कैडेट्स परेड करेंगे और राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देंगे। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहेंगे।
लेफ्टिनेंट डॉ. जोशी ने बताया कि 79 बटालियन की एनसीसी कैडेट गुंजन डांगी का चयन नई दिल्ली में आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड के लिए हुआ है। यह महाविद्यालय और क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि गुंजन डांगी की इस उपलब्धि से अन्य कैडेट्स में भी उत्साह और प्रेरणा का संचार हुआ है।
एनसीसी कैडेट्स का कहना है कि वे पूरे समर्पण और अनुशासन के साथ अभ्यास कर रहे हैं, ताकि गणतंत्र दिवस के दिन शानदार प्रस्तुति दी जा सके। महाविद्यालय में चल रही ये तैयारियां युवाओं में देशभक्ति और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत कर रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित