पन्ना , फरवरी 2 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में गढ़ा धन निकालने का लालच देकर 6 लाख 81 हजार रुपये की ठगी करने वाले तीन शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पूजा-पाठ, तंत्र-मंत्र और गुप्त दान के नाम पर फरियादी से धोखाधड़ी की थी। पुलिस ने उनके कब्जे से 5 लाख 50 हजार रुपये नगद, एक अर्टिगा कार और चार मोबाइल फोन सहित करीब 18 लाख 75 हजार रुपये का मशरूका जप्त किया है।

पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू ने प्रेसवार्ता में बताया कि फरियादी आनंद सिंह घोषी निवासी ग्राम सकरिया, थाना देवेन्द्रनगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि तीन व्यक्तियों ने झारखंडन माता मंदिर क्षेत्र में गढ़ा धन (सोना) होने का झांसा देकर पूजा-पाठ और गुप्त दान कराने का दबाव बनाया। आरोपियों ने अंधविश्वास का लाभ उठाकर फरियादी और उसके साथियों को मैहर एवं अजमेर ले जाकर विभिन्न खर्चों के नाम पर कुल 6.81 लाख रुपये ठग लिए।

29-30 जनवरी को आरोपियों ने अजमेर शरीफ दरगाह और पुष्कर में गुप्त दान कराने का नाटक रचा और बाद में झारखंडन रोड पर गढ़ा धन निकालने के बहाने फरियादी को धोखे में रखकर फरार हो गए। रिपोर्ट दर्ज होने पर थाना देवेन्द्रनगर में अपराध क्रमांक 51/26 धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।

विशेष पुलिस टीम गठित कर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। मुखबिर सूचना पर 1 फरवरी को तीनों संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में नसीम खान (60) निवासी इमाम चौक मैहर, गफ्फार खान (46) निवासी बेरमा थाना कोतवाली मैहर और राहुल कुशवाहा (26) निवासी जीतनगर बरही मैहर शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक ने मामले की सफलता पर पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित