रांची , जनवरी 12 -- झारखंड के गढ़वा जिले में देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। सदर थाना क्षेत्र के बेलचंपा गांव के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक घर में जा घुसी, जिससे वाहन में सवार चारों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान नरेंद्र कुमार, जितेंद्र पासवान, बादल पासवान और विक्की पासवान के रूप में हुई है। सभी मृतक आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ये लोग यूपी बॉर्डर के बिलासपुर गांव में एक रिश्तेदार के यहां कार्यक्रम में शामिल होकर देर रात अपने घर लौट रहे थे। सभी पलामू जिले के पांडु थाना क्षेत्र और विश्रामपुर थाना क्षेत्र के भंडार गांव के निवासी थे।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, ट्रक और स्कॉर्पियो दोनों की रफ्तार तेज थी, जिस कारण हादसा अत्यंत भयावह हो गया।

वहीं मृतकों के परिजनों का कहना है कि ट्रक ने स्कॉर्पियो को पीछे से टक्कर मारी, जिससे वाहन चालक को संभलने का मौका नहीं मिला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

इस हादसे पर झारखंड सरकार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा नेता रामचंद्र चंद्रवंशी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुखद घटना है और वे पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं।

एसडीपीओ नीरज कुमार ने बताया कि देर रात हुए सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित