देहरादून , अप्रैल 19 -- उत्तराखंड में रविवार को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर मां श्री गंगोत्री और मां श्री यमुनोत्री धाम के ग्रीष्मकालीन दर्शनों के लिए कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा का पारंपरिक आगाज हो गया। जबकि 22 अप्रैल को बाबा केदारनाथ और 23 अप्रैल को बाबा बदरी विशाल के कपाट खुलेंगे।
श्री गंगोत्री और श्री यमुनोत्री दोनों धाम के यात्रा मार्ग पर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने कड़ी व्यवस्था की है। इसके लिए दो सुपर और 12 जोन में पूरे यात्रा मार्ग को विभाजित किया गया है। यह दोनों धाम उत्तरकाशी जनपद में हैं।
गढ़वाल परिक्षेत्र (जोन)के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) आइपीएस राजीव स्वरूप ने बताया कि इन दोनों यात्रा मार्गों को इसके साथ ही, 30 सेक्टर में बांटा गया है। जिसमें सुपर जोनल, जोनल व सेक्टर पुलिस अधिकारियो को नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि यात्रा मार्गो पर 06 थाने, 09 रिपोर्टिंग पुलिस चौकी, 01 वाच एंड वार्ड तथा 13 सीजनल चौकियां हैं। साथ ही 12 पर्यटन पुलिस चौकियां बनाई गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित