हरिद्वार/रुड़की , मार्च 23 -- उत्तराखंड में हरिद्वार पुलिस को वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में सफलता मिली है। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने सक्रिय कार्रवाई करते हुए वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के कुल 8 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली गंगनहर पुलिस टीम ने सोमवार को खुलासा करते हुए बताया कि विभिन्न वाहन चोरी के मामलों की जांच के दौरान डिजिटल साक्ष्य, मुखबिर की सूचना और सटीक सुरागरसी के आधार पर पनियाला लाठरदेवा तिराहे के पास से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के 8 वाहन बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हनी कश्यप , सलमान और मयंक के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए वाहन चोरी करते थे। चोरी के वाहनों को शक्ति विहार क्षेत्र के पास एक खंडहर में छिपाकर रखा जाता था और बाद में उन्हें मॉडिफाई कर बेच दिया जाता था।

बरामद वाहनों में चार वाहन कोतवाली गंगनहर में दर्ज मामलों से संबंधित हैं, जबकि अन्य चार वाहन भी चोरी के हैं, जिनमें कुछ बिना नंबर प्लेट के मिले हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित