अजमेर , दिसम्बर 09 -- राजस्थान में अजमेर में विश्व प्रसिद्ध ख्वाजा साहब के सालाना उर्स पर अजमेर डेयरी ने विशेष इंतजाम किए हैं ।
अजमेर डेयरी के अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी ने मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि उर्स में आने वाले जायरीनों की सुविधा के लिए विशेष प्रकोष्ठ बनाया गया है । जायरीन को उसकी पसंद का डेयरी उत्पाद सुगम और निर्धारित मूल्य पर मिले इसके भी पुख्ता इंतजाम किए गये हैं। इस मौके पर उन्होंने बताया कि डेयरी प्रबंधन मंडल के निर्णय के अनुरूप सभी दुग्ध उत्पादक समिति के सचिवों को 25 हजार का मानदेय एक हजार लीटर दुग्ध संग्रहण पर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य और देश की करीब सभी डेरियों के मुकाबले अजमेर में दुग्ध उत्पादकों को सबसे ज्यादा भाव 10 रूपये प्रति फेट दिया जा रहा है ।
इस मौके पर मौजूद डेयरी के प्रबंध निदेशक रामलाल ने बताया कि डेयरी ने शहर में कई प्रमुख स्थानों पर डेयरी पार्लर की आम लोगों को पेशकश करके बेरोजगारों को डेयरी पार्लर लगाने का अवसर दिया है।
डेयरी अध्यक्ष चौधरी ने बताया कि जिले में 2500 नई दुग्ध सहकारी समिति बनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का सहयोग मिले तो अजमेर डेयरी कई आयाम स्थापित कर सकती है। इस मौके पर उन्होंने अन्य कई महत्वपूर्व विषयों की भी विस्तार पूर्वक जानकारी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित