राजनांदगांव/खैरागढ़ , दिसंबर 06 -- छत्तीसगढ़ में खैरागढ़ के छुईखदान ब्लॉक के बुंदेली क्षेत्र में प्रस्तावित श्री सीमेंट फैक्ट्री के खिलाफ बुंदेली और आसपास के लगभग 38 से 40 गांवों के हज़ारों ग्रामीणों ने शनिवार को छुईखदान एसडीएम कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शनकारियों की मांग है कि 11 दिसंबर को बुंदेली में प्रस्तावित जन सुनवाई को तत्काल रद्द किया जाए। उनका आरोप है कि इस फैक्ट्री से पर्यावरण प्रदूषण, जल संकट और कृषि भूमि के अधिग्रहण का खतरा पैदा होगा।

सूत्रों के मुताबिक इस विरोध को स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं और छत्तीसगढ़ जोहार पार्टी के समर्थन भी मिला है।

प्रशासन ने बड़े पैमाने पर हो रहे प्रदर्शन को देखते हुए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पुलिस ने क्षेत्र में जगह-जगह बैरिकेडिंग की है और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। लेकिन रात में हजारों लोगों का गुस्सा फूट पड़ा सैकड़ों की भीड़ ने पुलिस पर गुस्सा उतारने की कोशिश की। बाद में पुलिस कर्मियों ने ग्रामीणों के ऊपर बल प्रयोग कर उन्हें खदेड़ दिया। जिले में फ़िलहाल तनाव के हालत हैं। पुलिस ने स्थिति पर नजर रखी है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह फैक्ट्री उनकी आजीविका और स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने संकल्प जताया है कि जब तक परियोजना रद्द नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित