बारां , फरवरी 24 -- राजस्थान में बारां में स्थित श्रीराम स्टेडियम के पास खाली भूमि को अब जिला प्रशासन पुलिस विभाग को आवंटित करने की प्रक्रिया को अंजाम देने की कोशिश कर रहा है।
खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों को इसकी भनक लगते ही उन्होंने नाराजगी जताते हुए विरोध शुरू कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार 21 फरवरी को अतिरिक्त जिला कलक्टर के हस्ताक्षर से जारी पत्र में श्रीराम स्टेडियम के पास स्कूल के नाम खाली पडी भूमि को पुलिस विभाग को आवंटन करने के लिए पत्र जारी करके 25 फरवरी को बैठक बुलाई गई है।
दूसरी ओर राज्य सरकार ने अपने प्रथम बजट में बारां के श्रीराम स्टेडियम के कायाकल्प की घोषणा करते हुए करीब दो करोड रुपए की राशि जारी की है। जिसका शीघ्र कार्य आरंभ होने वाला है।
राजस्थान फुटबाल संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मल माथोडिया ने कहा कि स्टेडियम के लिए भूमि की कमी महसूस की जा रही है। फिर भी जो भूमि बची है उसे भी जिला प्रशासन अन्य विभाग को आवंटित कर रहा है। यह खिलाड़ियों के साथ कुठाराघात है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि एक और राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए नई नई योजनाएं लागू कर रही है, वहीं जिला प्रशासन राज्य सरकार की भावनाओं के उलट खेल भावना को आहत करने में लगा है। श्री माथोडिया ने कहा कि जिला प्रशासन उक्त आदेश की पालना करके श्रीराम स्टेडियम के पास की विद्यालय भूमि को अन्य विभाग को आंवटित करता है तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित