बारां , अप्रैल 29 -- राजस्थान में बारां शहर के कोटा रोड स्थित खेल संकुल में खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग को लेकर जिला फुटबॉल संघ एवं अन्य खेल संगठनों के प्रतिनिधियों ने नगर परिषद अधिकारियों से मुलाकात की।
जिला फुटबॉल संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मल माथोडिया, अध्यक्ष भीम सिंह चौधरी, शूटिंग बॉल संघ के हंसराज सिंह गौड़ और शारीरिक शिक्षक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी सुनील शर्मा सहित खेल प्रेमियों के प्रतिनिधिमंडल ने नगर परिषद के एईएन मानसिंह मीना से खेल संकुल की समस्याओं और आवश्यक सुधार कार्यों पर विस्तार से चर्चा की।
श्री माथोडिया ने बताया कि बरसात के मौसम में खेल संकुल में पानी भर जाने के कारण मैदान करीब तीन महीने तक अनुपयोगी हो जाता है, जिससे खिलाड़ियों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने की मांग रखी, ताकि वर्षा जल की समय पर निकासी हो सके और मैदान नियमित रूप से उपयोग में बना रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने एथलेटिक ट्रैक के पुनर्निर्माण, मैदान को समतल करने के लिये मिट्टी भराई और उच्च गुणवत्ता की लाइटिंग व्यवस्था स्थापित करने की भी मांग की, जिससे खेल संकुल को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित