हरिद्वार , फरवरी 11 -- उत्तराखंड में राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ के अंतर्गत देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में तीन से छह फरवरी तक आयोजित पेचक सिलाट (मार्शल आर्ट) प्रतियोगिता में हरिद्वार की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल सात पदक जीतकर जनपद का नाम रोशन किया। प्रदेश भर से लगभग 300 से 400 खिलाड़ियों की मौजूदगी में हरिद्वार की टीम ने अंडर-14 एवं अंडर-19 वर्ग में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।

प्रभारी जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी मुकेश कुमार भट्ट ने बुधवार को बताया कि नंदिनी (60-65 किग्रा) और काजल पांडेय (47-51 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीतकर हरिद्वार को गौरवान्वित किया। साक्षी ( 65 किग्रा) ने रजत पदक हासिल किया। वहीं साक्षी (55-60 किग्रा), काजल गुप्ता (60-65 किग्रा), खुशी चौहान (51-55 किग्रा) और अनोखी (50-55 किग्रा) ने कांस्य पदक जीतकर टीम की उपलब्धि में योगदान दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित