चंडीगढ़ , फरवरी 10 -- हरियाणा खेल विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए खेल नर्सरी के आवंटन हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।

इसके तहत सरकारी स्कूलों ग्राम पंचायतों और निजी शिक्षण संस्थानों को खेल नर्सरी संचालित करने का अवसर दिया जाएगा। आवेदन की अंतिम तिथि 15 फरवरी, 2026 निर्धारित की गई है।

इच्छुक और पात्र संस्थान विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

खेल विभाग के प्रवक्ता के अनुसार, खेल नर्सरी केवल उन्हीं खेलों के लिए खोली जाएंगी जो ओलंपिक, एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल हैं। इसका उद्देश्य प्रदेश में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें प्रारंभिक स्तर पर बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।

विभाग ने सभी सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि वे खेल नर्सरी आवंटन प्रक्रिया में भाग लेने से पहले विभाग द्वारा निर्धारित पात्रता मानदंडों और दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन करें। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।

खेल विभाग का मानना है कि खेल नर्सरियों के माध्यम से प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और भविष्य के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित