भोपाल , जनवरी 30 -- खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026 का भव्य समापन समारोह शनिवार 31 जनवरी को शाम 5 बजे कुशाभाऊ ठाकरे सभागार, भोपाल में आयोजित किया जाएगा। समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। समापन कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने शुक्रवार को तात्या टोपे स्टेडियम स्थित मेजर ध्यानचंद हॉल में विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में समापन समारोह की रूपरेखा, पुरस्कार वितरण और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि खेलो एमपी यूथ गेम्स का आयोजन 13 जनवरी 2026 से प्रदेशभर में किया गया, जिसमें 28 खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। ब्लॉक, जिला, संभाग और राज्य स्तर पर करीब एक लाख से अधिक खिलाड़ियों ने इसमें भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवाओं की सहभागिता ने आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप दिया।

समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले संभागों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि खेलो एमपी यूथ गेम्स केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि प्रदेश की खेल संस्कृति को मजबूत करने और भविष्य के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को पहचान देने का सशक्त मंच बना है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं गरिमामय, सुव्यवस्थित और समयबद्ध हों।

इस बीच लोअर लेक, भोपाल में आयोजित कयाकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। C1 गर्ल्स 200 मीटर फाइनल में भोपाल की प्रगति शर्मा ने 50.476 सेकेंड के साथ स्वर्ण पदक जीता। टीकमगढ़ की माही शाऊ को रजत और हरदा की वेदिका बिश्नोई को कांस्य पदक मिला। C2 गर्ल्स 500 मीटर फाइनल में भोपाल की दिव्यानी दुगर ने 2:18.388 मिनट के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। टीकमगढ़ की कानुप्रिया राजपूत को रजत और सागर की अनाया फैज को कांस्य पदक प्राप्त हुआ। K4 गर्ल्स 500 मीटर टीम स्पर्धा में भोपाल की रुखमणि डांगी, मानवी जाट, ऋषिका वर्मा और नीलू वर्मा की टीम ने स्वर्ण पदक जीता। रजत टीकमगढ़ और कांस्य हरदा की टीम को मिला। K4 बॉयज 500 मीटर फाइनल में भोपाल की टीम ने स्वर्ण, टीकमगढ़ ने रजत और उज्जैन ने कांस्य पदक अर्जित किया।

टी.टी. नगर स्टेडियम, भोपाल में आयोजित बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में भी प्रदेश के युवा मुक्केबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया। बालक वर्ग में विभिन्न भार वर्गों में आर्यन शर्मा, अमृत गुप्ता, खुशदीप बिश्नोई, अभिषेक बघेल, प्रियांश कीर और प्रज्वल पुरोहित ने स्वर्ण पदक जीते। बालिका वर्ग में स्नेहा वर्मा, प्रियंशी सेंगर, आशिता रावत, ऋद्धि पांडेय, वरिधि दुबे, दीति सोनी और नव्या थापा ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026 की अंडर-19 बॉयज क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में भोपाल डिवीजन ने ग्वालियर को 159 रन से हराकर चैंपियनशिप ट्रॉफी और 31 हजार रुपये का पुरस्कार जीता। ग्वालियर उपविजेता रहा, जबकि सागर डिवीजन ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित