जयपुर , दिसंबर 02 -- भारतीय टेनिस सर्किट में एक जाना-पहचाना नाम बन चुके ऑस्ट्रेलियाई कोच टॉड क्लार्क ने खेलो इंडिया पहल सराहना करते हुए कहा कि इससे किशोरों को जीवन का उद्देश्य मिलता है।

2008 में भारत आने के बाद से क्लार्क ने यहां रहकर देश की संस्कृति को करीब से अपनाया है। वर्तमान में वे ओडिशा स्थित कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (केआईआईटी) में टेनिस निदेशक के रूप में काम कर रहे हैं और खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स राजस्थान 2025 में अपने खिलाड़ियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं। क्लार्क का कहना है कि खेलो इंडिया गेम्स ने देशभर में किशोरों को सही दिशा और उद्देश्य दिया है।

क्लार्क साई मीडिया से कहा, "उबाऊ किशोरावस्था से ज्यादा परेशान करने वाली कोई चीज नहीं होती। इन खेलों ने देशभर में युवाओं को खेल अपनाने, उसमें आगे बढ़ने और करियर बनाने का मौका दिया है। खेल चरित्र भी विकसित करते हैं।"30 से अधिक वर्षों से कोचिंग कर रहे क्लार्क ने भारत सरकार की फिट इंडिया के प्रति प्रतिबद्धता की भी सराहना करते हुए कहा, "वर्तमान केंद्र सरकार फिट इंडिया के विचार को लेकर काफी गंभीर है। ये खेल युवाओं में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाएंगे और खेल ढांचे को भी मजबूती मिलेगी। जयपुर में अब तक जो सुविधाएं देखी हैं, वे प्रभावशाली हैं।"भारत आने के बाद क्लार्क पंजाब, गुजरात और हरियाणा में कोचिंग कर चुके हैं। वे 2025 समर वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स (जर्मनी) में भारतीय दल का हिस्सा भी थे, जहां पुणे की वैष्णवी अडकर ने महिलाओं की एकल स्पर्धा में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता। यह वलर्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में भारत का पहला महिला टेनिस पदक और 1979 में नंदन बाल द्वारा जीते गए रजत पदक के बाद केवल दूसरा टेनिस पदक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित