जगदलपुर , नवंबर 13 -- छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है कि आगामी खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स 2025 की मेजबानी का दायित्व राज्य को सौंपा गया है। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) नयी दिल्ली के उच्च स्तरीय निरीक्षण दल ने बस्तर जिले के धरमपुरा खेल परिसर और इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम का निरीक्षण कर इन्हें तीरंदाजी, एथलेटिक्स और मलखंभ जैसे पारंपरिक एवं प्रमुख खेलों के आयोजन के लिए उपयुक्त घोषित किया है।
निरीक्षण दल ने जगदलपुर पहुंचकर गुरुवार सुबह खेल सुविधाओं, मैदान की गुणवत्ता, दर्शक दीर्घा, सुरक्षा एवं आवास व्यवस्था का गहन मूल्यांकन किया। दल ने स्थानीय प्रशासन और खेल विभाग की तैयारियों की सराहना करते हुए कहा, "बस्तर जैसे आदिवासी अंचल में इस तरह का आयोजन खेल संस्कृति के विकास में ऐतिहासिक भूमिका निभाएगा।"राज्य शासन का मानना है कि इस आयोजन से बस्तर और समूचे छत्तीसगढ़ की आदिवासी खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच मिलेगा। साथ ही, प्रदेश की पारंपरिक कला, संस्कृति और लोक खेलों को वैश्विक पहचान प्राप्त होगी।
खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स में देशभर से आने वाले प्रतिभागी अपनी कौशल और संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे। बस्तर को तीन प्रमुख खेलों आर्चरी (तीरंदाजी), एथलेटिक्स और मलखंभ के आयोजन स्थल के रूप में चयनित किया जाना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
इसमें देश के 30 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से लगभग 1200 आदिवासी खिलाड़ी भाग लेंगे।
राज्य सरकार ने कहा है कि इस आयोजन के माध्यम से बस्तर की खेल संरचना को नई दिशा मिलेगी और युवाओं में पारंपरिक खेलों के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित