भोपाल , अप्रैल 03 -- खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में मध्यप्रदेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 11 पदक जीतकर देशभर में 11वां स्थान हासिल किया। छत्तीसगढ़ में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 133 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल विधाओं में भाग लेकर राज्य का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता का आयोजन जनजातीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया, जिसमें आर्चरी, एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, स्विमिंग, वेटलिफ्टिंग और रेसलिंग जैसी सात खेल विधाएं शामिल रहीं।
एथलेटिक्स में मध्यप्रदेश को सर्वाधिक सफलता मिली, जहां खिलाड़ियों ने 1 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य सहित कुल 5 पदक हासिल किए। इस श्रेणी में गुलाब सिंह ने जेवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक जीता, जबकि मार्टिना लकड़ा ने लॉन्ग जंप में रजत पदक प्राप्त किया। आरती डावर ने 5000 मीटर में रजत और रंगलाल डोडियार ने इसी स्पर्धा में कांस्य पदक अर्जित किया। शांति बाई ने 800 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता।
अन्य खेलों में भी खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। रेसलिंग में शिवा भलावी ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि चांदनी नरेती ने कांस्य पदक जीता। स्विमिंग में शृष्टि वर्मा ने रजत पदक प्राप्त किया, वहीं वेटलिफ्टिंग में गुंजन उइके ने कांस्य पदक अपने नाम किया। आर्चरी में पवन परमार, पुष्पा सिंह, सलोनी डाबी और मुस्कान भूरिया ने दो कांस्य पदक दिलाए।
मध्यप्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए इसे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह सफलता जनजातीय क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं की क्षमता को दर्शाती है और भविष्य में ये खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित