गरियाबंद , फरवरी 10 -- छत्तीसगढ के गरियाबंद जिले का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है। जिले के पर्वतारोहण एवं ट्रैकिंग के क्षेत्र में सक्रिय पोंड़ क्षेत्र के युवा खेमराज साहू ने हिमाचल प्रदेश की बर्फीली वादियों में 9000 फुट की ऊंचाई पर पहुंचकर तिरंगी फहराया और राजिम कुंभ कल्प मेला 2026 का सफलतापूर्वक प्रचार कर जिले और छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है।
खेमराज अपने साथियों के साथ हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले स्थित सोलंग वैली गांव से पतालसू पीक ट्रैक (लगभग 13,900 फुट ऊंचाई) के लिए रवाना हुए थे। गत तीन फरवरी को अत्यधिक बर्फबारी के कारण पतालसू पीक तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण हो गया।
मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए कुल्लू जिला प्रशासन एवं हिमाचल प्रदेश प्रशासन द्वारा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ट्रैकिंग पर अस्थायी प्रतिबंध भी लगाया गया था। ट्रैक मार्ग पर आठ से 10 फुट तक बर्फ जमा थी।
इसके बावजूद एडवेंचर वैली के प्रशिक्षित माउंटेनियर के मार्गदर्शन में खेमराज साहू एवं उनकी टीम ने सोलंग वैली से शगाडुग के जंगलों होते हुए कठिन परिस्थितियों में ट्रैकिंग की। सीने तक जमी बर्फ हटाकर, धंसते पैरों से रास्ता बनाते हुए लगभग 9000 फुट की ऊंचाई तक ट्रैक सफलतापूर्वक पूरा किया गया, जहां तापमान शून्य से नीचे छह डिग्री सेल्सियस था।
इसी ऊंचाई पर खेमराज साहू ने राजिम माघी पुन्नी मेला के परिवर्तित नाम राजिम कुंभ (कल्प) मेला 2026 का प्रचार करते हुए तिरंगा फहराया और छत्तीसगढ़ महतारी की छायाप्रति के साथ संदेश दिया।
यह साहसिक प्रयास राज्य की सांस्कृतिक पहचान और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले वर्ष 2023 में खेमराज साहू ने उत्तराखंड की केदारकंठा चोटी (12,500 फुट) पर गरियाबंद जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर के साथ जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों का प्रचार किया था, जिसके लिए उनका नाम वर्ल्ड वाइड बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। इसी वर्ष उन्होंने रायपुर से गरियाबंद तक एक दिवसीय साइकिल यात्रा कर राजिम माघी पुन्नी मेला का भी प्रचार किया था।
इस साहसिक आरोहण में खेमराज साहू के साथ छत्तीसगढ़ से ट्रैकर नितेश अग्रवाल (राजनांदगांव) एवं ओड़िशा की एक्सपीडिशन एडवेंचर ट्रैकर प्रवासिनी सहित अन्य साथी भी शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित