इंफाल , फरवरी 04 -- मणिपुर विधानमंडल दल के भाजपा नेता युमनाम खेमचंद सिंह ने बुधवार को लोक भवन में राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाकात कर राज्य में भाजपा नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार बनाने का दावा पेश किया।

श्री सिंह के साथ इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, पार्टी के पूर्वोत्तर संयोजक डॉ संबित पात्रा, मणिपुर भाजपा राज्य अध्यक्ष अधिकारिमयुम शारदा देवी और अन्य राजग नेता भी मौजूद थे।

श्री सिंह तीन फरवरी को सर्वसम्मति से राजग विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद बुधवार सुबह इंफाल पहुंचे। यह हिंसा प्रभावित राज्य में नयी सरकार के गठन की दिशा में निर्णायक कदम है।

नयी दिल्ली से वापस लौटने पर श्री सिंह ने एक पोस्ट में कहा कि वह नयी सरकार बनाने का दावा पेश करने को लेकर खुश हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नयी मंत्रिपरिषद शांति और विकास को अपने मार्गदर्शक सिद्धांतों के रूप में लेकर काम करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित