कानपुर , अप्रैल 19 -- संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों पर कानपुर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए रविवार को गांवों में पहुंचकर आधा दर्जन मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर एसडीएम नरवल विवेक मिश्रा के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर लोगों को तत्काल राहत दिलाई।
प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि 18 अप्रैल को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में मिले प्रार्थना पत्रों पर कार्रवाई करते हुए टीम ने सीधे गांवों में पहुंचकर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया। ग्राम सरसौल में सोमनाथ की शिकायत पर उनके खेत में बह रहे होटल के गंदे पानी को तत्काल बंद कराया गया। कार्रवाई के बाद शिकायतकर्ता ने संतोष व्यक्त किया। ग्राम हाथीपुर में मिलन केंद्र की जमीन को लेकर चल रहे विवाद को उपजिलाधिकारी नरवल, नायब तहसीलदार और लेखपाल की मौजूदगी में सुलझा लिया गया। जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने से लंबे समय से बनी आशंका समाप्त हो गई।
ग्राम बरईगढ़ में ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर जमीन का चिन्हांकन कराया और अवैध निर्माण रुकवा दिया। इसी गांव में रास्ते की पैमाइश की मांग पर राजस्व एवं पुलिस टीम की मौजूदगी में सीमांकन कर रास्ता स्पष्ट कर दिया गया, जिससे विवाद समाप्त हो गया। ग्राम कुढगांव में चकमार्ग की पैमाइश कराकर आवागमन का रास्ता साफ कराया गया। मौके पर समाधान होने से ग्रामीणों ने राहत महसूस की।
एसडीएम नरवल विवेक मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर मौके पर जाकर निस्तारण कराया जा रहा है, ताकि शिकायतकर्ताओं को समयबद्ध न्याय मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित