भीलवाड़ा , फरवरी 28 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के पारोली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक महिला से लूट करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सू्त्रों ने शनिवार को बताया कि कल शाम को फलासेड गांव में लाली देवी (50) फलासेड मोड़ पर स्थित अपने खेत में काम कर रही थीं। अचानक दो मोटर साइकिलों पर आये चार बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया और चाकू से उस पर वार करके सोने के आभूषण छीनकर फरार हो गये।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि भागते समय बदमाशों की एक मोटर साइकिल पुलिस के वाहन से टकरा गई। इससे दो बदमाश घायल हो गये जिन्हें पुलिस ने दबोंच लिया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान चित्तौड़गढ़ निवासी गोवर्धन और भैरू मोंगिया के रूप में हुई है। दोनों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। दो अन्य बदमाशों की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित