श्रीगंगानगर , फरवरी 18 -- राजस्थान में खैरतल तिजारा जिले के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में कथित कपड़ा मिल में संचालित अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट से आठ मजदूरों की जलने से मौत होने की घटना के लिए अखिल भारतीय ग्रामीण खेत मजदूर यूनियन की राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष कामरेड दुर्गा स्वामी ने भिवाड़ी जिला प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है।

श्रीगंगानगर में आज जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि भिवाड़ी में मजदूरों की मौत का जिम्मेदार वहां का जिला प्रशासन है, क्योंकि प्रशासन की नाक के नीचे बंद कपड़ा मिल में मजदूरों को बंधुआ बनाकर पटाखे बनते रहे और प्रशासन सोता रहा। प्रशासन के अधिकारियों अथवा सरकार के किसी नेता की मिलीभगत से यह काम किया जा रहा था।

श्री दुर्गा स्वामी ने कहा कि महज तीन-तीन लाख रुपये का मुआवजा देकर मामले को खत्म करने की कोशिश न की जाये। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय ग्रामीण खेत मजदूर यूनियन की राज्य समिति इस घटना की गंभीरता से जांच करेगी और इस अपराध में लिप्त सभी अपराधियों को सख्त सजा दिलवाई जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित