खुरालगढ़ , फरवरी 06 -- पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा है कि राज्य सरकार ने श्री गुरु रविदास के आगामी 650वें प्रकाश पर्व को धार्मिक उत्साह के साथ मनाने के लिए पूरे साल चलने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की है, जो शुक्रवार से शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के हिस्से के रूप में श्री गुरु रविदास महाराज जी की महान शिक्षाओं को देश-दुनिया के हर कोने तक पहुंचाया जाएगा।
प्रकाश पर्व को समर्पित राज्य स्तरीय समागम के दौरान संबोधित करते हुए संत निरमल दास जोड़े वाले ने कहा कि गुरु रविदास जी साधू संप्रदा सोसाइटी, पंजाब सरकार को व्यापक प्रबंध करने के लिए बधाई देती है। उन्होंने कहा कि गुरु जी ने खुरालगढ़ में चार साल से अधिक समय भक्ति करके इस स्थान को पावन बनाया। उन्होंने कहा कि यह बहुत गर्व की बात है कि पंजाब सरकार आज इस पवित्र भूमि पर प्रकाश पर्व पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ मना रही है।
डेरा बल्लां से संत प्रदीप दास ने अपने संबोधन में कहा कि यह बहुत गर्व और संतुष्टि की बात है कि पंजाब सरकार ने श्री गुरु रविदास बाणी अध्ययन केंद्र स्थापित करने के लिए डेरा बल्लां के निकट 10 एकड़ जमीन प्रदान की है।
इससे पहले कैबिनेट मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद और पंजाब विधान सभा के उपाध्यक्ष जय किशन रोड़ी ने श्री खुरालगढ़ साहिब की पवित्र भूमि से श्री गुरु रविदास महाराज के 649वें प्रकाश पर्व के अवसर पर पूरे साल चलने वाले कार्यक्रमों की शुरुआत करने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह पवित्र स्थान उनके विधान सभा क्षेत्र गढ़शंकर में स्थित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित