सिवनी , नवम्बर 19 -- मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में केवलारी विकासखंड के थाना उगली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खुरसुरा स्थित हिर्री नदी रेत खदान में बुधवार दोपहर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जब रेत ठेकेदार के मैनेजर पर एक ग्रामीण को गोली मारने का आरोप लगा। घटना से पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया है।

जानकारी के अनुसार हिर्री नदी रेत खदान का संचालन बालाघाट निवासी एवं मूलतः बांदा उत्तर प्रदेश के रहने वाले राजेश पाठक के पास है। खदान प्रबंधन का कार्य उनका मैनेजर अनुराग तिवारी देखता है। बुधवार दोपहर लगभग 12 से 1 बजे के बीच ग्राम इमलीटोला निवासी विकास पटले का रेत उत्खनन को लेकर खदान प्रबंधन से विवाद हो गया। ग्रामीणों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर अनुराग तिवारी ने देशी कट्टे से फायर कर दिया, जिसमें विकास पटले के पेट में गोली लग गई।

घटना के तुरंत बाद घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केवलारी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति देखते हुए उसे जिला अस्पताल सिवनी और वहां से आगे नागपुर रिफर किया गया है। विकास पटले की हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही खुरसुरा सहित आसपास के गांवों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने ठेकेदार राजेश पाठक और उनके बेटे पवन पाठक पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि खदान में लंबे समय से मनमानी हो रही थी और शिकायत करने वालों को डराया धमकाया जाता था। गोली चलने की घटना ने गुस्से को और बढ़ा दिया है। पुलिस बल मौके पर तैनात है और स्थिति नियंत्रण में रखने के प्रयास जारी हैं।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सिवनी सुनील कुमार मेहता ने बताया कि खदान में रेत कंपनी के ठेकेदार के लोगों और ग्रामीण विकास पटले के बीच विवाद हुआ था। विवाद के दौरान गोली लगने से विकास पटले गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे नागपुर रिफर किया गया है। उगली पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित