मथुरा , फरवरी 6 -- उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के राया थाना क्षेत्र में विरोधियों को हत्या के प्रयास के मुकदमे में फंसाने के लिए स्वयं पर गोली चलवाने की साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी शूटर और एक महिला को अवैध असलहों के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार कुंवरपाल नामक व्यक्ति का गांव के ही दो लोगों से पुराना विवाद चल रहा था। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त मनोज कुमार ने बताया कि कुंवरपाल ने अपने विरोधियों को फर्जी मुकदमे में जेल भिजवाने के उद्देश्य से खुद पर गोली चलवाने की योजना बनाई थी। इसके लिए 50 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी, जिसमें इलाज और अन्य खर्च शामिल थे।

योजना के तहत 28 जनवरी की रात खेत पर कुंवरपाल को गोली मारी गई और 30 जनवरी को उसने दो लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस जांच में घटनास्थल, साक्ष्यों और बयानों में विरोधाभास मिलने पर मामले की गहन छानबीन की गई, जिसमें पूरी साजिश का खुलासा हुआ।

राया पुलिस ने शुक्रवार को कूम्हा रेलवे फाटक के पास से मनोज कुमार और एक महिला को गिरफ्तार कर उनके पास से एक तमंचा (.315 बोर), एक खोखा कारतूस और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित