लखीमपुर खीरी , अप्रैल 1 -- उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में परिवार नियोजन सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 'अंतरा सबक्यूटेनियस इंजेक्शन' का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष गुप्ता ने जिला महिला चिकित्सालय में फीता काटकर इस नई सुविधा की शुरुआत की। इस दौरान जिले का पहला इंजेक्शन स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शिवानी शर्मा द्वारा लगाया गया। कार्यक्रम में डॉ. अमित कुमार गुप्ता, डॉ. प्रमोद वर्मा तथा फैमिली प्लानिंग मैनेजर पद्माकर त्रिपाठी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार इस नई सुविधा की शुरुआत जिले के तीन केंद्रों जिला महिला चिकित्सालय, सीएचसी फरधान और सीएचसी नकहा में की गई है।

उन्होंने बताया कि अंतरा सबक्यूटेनियस इंजेक्शन महिलाओं के लिए सुरक्षित, सरल और प्रभावी गर्भनिरोधक विकल्प है। इसे त्वचा के नीचे लगाया जाता है, जिससे इसका उपयोग आसान हो जाता है। यह इंजेक्शन तीन महीने तक गर्भधारण से सुरक्षा प्रदान करता है और बार-बार दवा लेने की आवश्यकता नहीं होती।

सीएमओ ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों की महिलाओं तक परिवार नियोजन सेवाओं को सुलभ बनाना है, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार होगा और अनियोजित गर्भधारण की समस्या में कमी आएगी।

सीएमएस डॉ. अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि अस्पताल में महिलाओं को इस इंजेक्शन के लाभ और उपयोग के बारे में परामर्श दिया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो महिलाएं पहले से पारंपरिक अंतरा इंजेक्शन ले रही हैं, उन्हें नया इंजेक्शन नहीं दिया जाएगा और इसके विपरीत भी यही नियम लागू होगा।

इस अवसर पर डॉ. अंजली वर्मा, हॉस्पिटल मैनेजर शिप्रा वर्मा, हेल्प डेस्क मैनेजर सुष्मिता वर्मा, फैमिली प्लानिंग काउंसलर शिखा कश्यप, एएफएचसी काउंसलर दीपमाला, एसटीआई काउंसलर प्रियंका अवस्थी, पीपीटीसीटी काउंसलर सोनम सक्सेना सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित