वॉशिंगटन , मार्च 30 -- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के शीर्ष नेतृत्व पर किये गये हमले "वास्तव में शासन परिवर्तन" के समान हैं और युद्ध समाप्त करने के लिए समझौता "जल्द" हो सकता है।
टाइम्स ऑफ इजरायल की एक रिपोर्ट के अनुसार, मैरीलैंड स्थित जॉइंट बेस एंड्रूज़ से एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री ट्रंप ने कहा कि वार्ता सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है और ईरान ने अमेरिका की अधिकांश मांगों पर सहमति जता दी है। उन्होंने रविवार को इस बातचीत में यह भी कहा कि ईरान ने होर्मुज जलडमरुमध्य से कुछ तेल टैंकरों को गुजरने की अनुमति देने पर सहमति व्यक्त की है।
श्री ट्रंप ने कहा कि भले ही ईरान का व्यापक इस्लामिक गणराज्य ढांचा पूरी तरह ध्वस्त नहीं हुआ है, लेकिन सर्वोच्च नेता अली खामेनेई और अन्य शीर्ष अधिकारियों की मौत को पुराने शासन के अंत के रूप में देखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, "पहला शासन पूरी तरह खत्म हो गया, नष्ट हो गया। दूसरा भी लगभग खत्म है और अब हम अलग तरह के लोगों से बात कर रहे हैं. और वे काफी तर्कसंगत रहे हैं।"रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गालिबाफ के साथ संवाद की कोशिश कर रहा है, हालांकि विश्लेषकों का मानना है कि वह इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स से जुड़े होने के कारण पहले के नेतृत्व की तरह ही सख्त रुख वाले हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित