खरगोन , दिसंबर 27 -- मध्यप्रदेश में खरगोन जिले के मंडलेश्वर थाना क्षेत्र में शराब के नशे में धुत एक पति ने खाना बनाने में देरी होने पर पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

मंडलेश्वर थाना प्रभारी दीपक यादव ने बताया कि आरोपी रामदेव भंवर को उसकी 40 वर्षीय पत्नी निर्मला बाई की हत्या के आरोप में आज गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

उन्होंने बताया कि 26 दिसंबर 2025 को ग्राम सोमा खेड़ी में निर्मला बाई की असामान्य मृत्यु की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में यह सामने आया कि महिला की हत्या की गई है। घटना के बाद से पति रामदेव के फरार होने पर उस पर संदेह गहराया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि खाना बनाने में देरी होने पर उसने नशे की हालत में पत्नी के साथ गाली-गलौच करते हुए हाथ-मुक्कों और लातों से मारपीट की। इस दौरान उसने उसका सिर दीवार से पटक दिया, जिससे गंभीर आंतरिक चोटें आईं और इंटरनल ब्लीडिंग के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी ने मामले को छिपाने का प्रयास किया और अगले दिन सुबह पड़ोसियों तथा मायके पक्ष को यह कहकर गुमराह किया कि उसकी पत्नी उठ नहीं रही है। संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पूरा मामला सामने आया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित