गौतमबुद्धनगर , मार्च 18 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने चैत्र नवरात्र को ध्यान में रखते हुए शुद्ध खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच अभियान के तहत चार सौ किलो कुट्टू आटा जब्त कर सात नमूनों को जांच के लिए भेजा है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा रहे हैं।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बुधवार को बताया कि अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुट्टू और सिंघाड़े के आटे समेत कुल सात खाद्य नमूने जांच के लिए संग्रहित किए हैं।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार और विजय बहादुर पटेल की टीम ने ग्रेटर नोएडा के कुलेसरा स्थित संतोष ट्रेडर्स पर छापा मारा। यहां दो सौ चालीस किलोग्राम कुट्टू का आटा खुला मिला, जिसका कोई बिल-बाउचर नहीं था और न ही निर्माण तिथि अंकित थी। साथ ही ढाई सौ ग्राम के दो सौ से अधिक पैकेट भी बिना बैच नंबर और निर्माण तिथि के पाए गए। टीम ने नमूना लेने के बाद लगभग दो सौ अड़तीस किलोग्राम खुला आटा और दो सौ चालीस पैकेट सीज कर दिए।

इसी क्रम में मुस्कान ट्रेडर्स पर भी छापेमारी की गई, जहां सत्तर किलोग्राम खुला कुट्टू आटा और एक सौ पैंतालिस पैकेट बिना जरूरी विवरण के मिले। यहां से भी नमूने लेकर करीब सत्तर किलोग्राम आटा और एक सौ इकतालीस पैकेट सीज किए गए। दोनों जगहों से मिलाकर करीब चार सौ किलोग्राम कुट्टू आटा सीज किया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओ.पी. सिंह और एस.के. पांडेय की टीम ने नोएडा सेक्टर-49 स्थित श्री श्याम डीएसबी फुलफिलमेंट सॉल्यूशन से कुट्टू और सिंघाड़े के आटे के नमूने लिए। वहीं रविंद्र नाथ वर्मा और मालती की टीम ने कासना के यूनिवर्सिटी रोड स्थित रघुनाथ प्रसाद किराना स्टोर से किशमिश का नमूना संग्रहित किया।

अधिकारियों ने सभी खाद्य विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे केवल लाइसेंसी और पंजीकृत आपूर्तिकर्ताओं से ही सामान खरीदें। साथ ही हर खरीद पर बिल लेना अनिवार्य करें और उत्पाद पर निर्माण तिथि, बैच नंबर जैसी जरूरी जानकारी की जांच के बाद ही बिक्री करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित