धार , मार्च 23 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के मनावर में खाद्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक मकान से 20 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। इनमें 19 घरेलू और एक व्यावसायिक सिलेंडर शामिल है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार गांधी नगर क्षेत्र स्थित दिनेश शर्मा के मकान पर दबिश देकर यह कार्रवाई की गई। इस दौरान उपभोक्ताओं की कनेक्शन डायरी और एक तोलकांटा भी बरामद किया गया। जब्त सिलेंडरों में इंडेन और भारत गैस कंपनियों के सिलेंडर शामिल हैं, हालांकि सभी सिलेंडर भरे हुए नहीं पाए गए।
सहायक खाद्य अधिकारी अनुराग वर्मा ने बताया कि मनावर में प्रतिदिन लगभग 400 गैस सिलेंडरों की आपूर्ति होती है, इसके बावजूद उपभोक्ताओं को गैस के लिए लंबी कतारों का सामना करना पड़ रहा था। शिकायत के आधार पर विभाग ने यह कार्रवाई की।
उन्होंने बताया कि जब्त किए गए सिलेंडरों को मनावर दरबार इंडेन कंपनी की सुपुर्दगी में दिया गया है और मामले में आगे जांच जारी है। कार्रवाई के दौरान सहायक आपूर्ति अधिकारी नीलेश जाधव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित