नयी दिल्ली , मार्च 06 -- पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार को कहा कि भारत अनाज और दूसरे खाद्य पदार्थों के उत्पादन में काफी आगे बढ़ चुका है लेकिन खाद्य प्रसंस्करण में अब भी काफी अवसर हैं।

श्री शेखावत ने यहां ऑनलाइन फूड डिलिवरी प्लेटफॉर्म स्विगी के 'शी द चेंज' के दूसरे संस्करण को संबोधित करते हुए कहा कि एक जमाना था जब भारत को अपने लोगों का पेट भरने के लिए दूसरे देशों पर आश्रित रहना पड़ता था। आंकड़ों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज भारत अनाज, दुग्ध उत्पादन और मत्स्य उत्पादन में पूरी तरह आत्मनिर्भर बन गया है।

उन्होंने कहा, "खाद्य प्रसंस्करण में हम अब भी शुरुआती चरण में हैं। यदि हम दूसरे देशों की खान-पान की आदतों को समझकर उनकी पसंद के हिसाब से खाद्य प्रसंस्करण कर सकें तो हमारे सामने अवसरों का पहाड़ होगा।"उन्होंने कहा कि पहले महिलाओं के लिए अपना उद्यम खड़ा करने में काफी बाधाएं थीं, लेकिन आज हम ऐसे युग में रह रहे हैं जहां इसके लिए काफी अवसर हैं। आने वाले समय में घर का खाना भी लोग घर पर बनाने की बजाय ऑर्डर करेंगे। पौष्टिक खाने के साथ दादी-नानी की रेसिपी की मांग होगी।

केंद्रीय मंत्री ने खान-पान में अपना उद्यम शुरू करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया और उनके हौसलों की तारीफ की। उन्होंने कहा, "हम जिस रास्ते पर निकल चुके हैं, देश को विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता।"एंटरप्रेन्योर ऑफ द ईयर का पुरस्कार पाने वालों में अदिति दुगर (मास्क), अक्षया मुरली (गीथम वेज रेस्टोरेंट), अनीशा सैनी (मिसेज कौर), अलीना आलम (मिट्टी कैफे), दीपिका सेठी (इक्क पंजाब), दिव्या परवानी (पिंड), जया और पूनम तुलसियानी (बसेरा), लिप्सा सतपथी और तमासा मिश्रा (वी डम्पलिंग डायनेस्टी), महक सुगंध (काकाओ स्प्रिंग्स एंड द बिंज चॉकलेट्स), निहारिका शशि खेरिया (मोई - द डेज़र्ट स्टूडियो), पायल पाठक (सिम्पली सलाद), सलोनी कुकरेजा (इंदु आइस क्रीम), शिवानी मिरचंदानी (माइनस 30), सुचाली जैन (सुचालीज़ आर्टिजन बेकहाउस), श्रीदेवी जस्ती (वाइब्रेंट लिविंग), श्रेया सेनापति (स्पाइसी सिग्नेचर), तोरल संघवी और सारा जैकब नायर (नायर ऑन फायर) सहित अन्य शामिल हैं। कार्यक्रम में सम्मानित शीर्ष शेफ में आहाना गौर (सूस शेफ, द वेस्टिन मुंबई गार्डन सिटी), अमृता कौर (होलिस्टिक गॉरमेट शेफ), हनिशा सिंह, रिचा जौहरी (यूनिको), तन्वी अरोरा (तन्विज़ ड्रीम ओवन) और तरन्नुम सहगल (एस्प्रेसोस एनीडे) शामिल हैं।

स्विगी फूड मार्केटप्लेस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रोहित कपूर ने कहा, "शी द चेंज हमारी प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य फूड इकोसिस्टम में काम कर रही उन महिलाओं की यात्रा और सफलता का सम्मान करना है जो देश के पाक क्षेत्र के भविष्य को आकार दे रही हैं। उनकी दृढ़ता, रचनात्मकता और नेतृत्व की कहानियां वास्तव में प्रेरणादायक हैं। एक प्लेटफॉर्म के रूप में हम महिला उद्यमियों की विकास यात्रा में उनका समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"स्विगी के प्लेटफॉर्म पर 70,000 महिला-संचालित रेस्टोरेंट हैं और आंतरिक अनुमान के अनुसार ये उद्यमी लगभग 4,20,000 लोगों को रोजगार दे रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित