शिवपुरी , दिसंबर 26 -- मध्यप्रदेश में शिवपुरी जिले के ग्राम भावखेड़ी की शासकीय उचित मूल्य दुकान पर हितग्राहियों को खाद्यान्न के स्थान पर नगद राशि वितरित किए जाने के मामले में देर गुरुवार शाम दुकान के विक्रेता के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कराया गया।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि ग्राम भावखेड़ी की शासकीय उचित मूल्य दुकान पर खाद्यान्न के बदले नगद राशि वितरण की शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित विभाग द्वारा जांच कराई गई। जांच के दौरान स्टॉक का मिलान कराया गया, जिसमें लगभग 70 क्विंटल गेहूं (बाजार मूल्य लगभग 1 लाख 87 हजार रुपये से अधिक) तथा लगभग 42 क्विंटल चावल (बाजार मूल्य लगभग 1 लाख 28 हजार रुपये से अधिक) की कमी पाई गई।

जांच में यह भी सामने आया कि खाद्यान्न लेने वाले हितग्राहियों से अंगूठे लगवाकर खाद्यान्न के स्थान पर नगद राशि वितरित की जा रही थी। शिकायत सही पाए जाने के बाद शासकीय उचित मूल्य दुकान के विक्रेता निलेश शर्मा के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत सिरसौद थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित