चंडीगढ़ , मार्च 30 -- पंजाब में खरड़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नाकाबंदी के दौरान मिली खुफिया सूचना के आधार पर लेबर चौक के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को चोरी के मोटरसाइकिल सहित पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए एक संगठित चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया।

पुलिस ने इस मामले में करीब 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 18 चोरी के मोटरसाइकिल, तीन एक्टिवा, दो साइकिलें, चार गैस सिलेंडर और कुछ धारदार हथियार बरामद किये गये हैं। यह गिरोह विभिन्न इलाकों में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस उपाधीक्षक करण संधू ने बताया कि आरोपियों का पुलिस रिमांड लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही उनके आपराधिक रिकॉर्ड और पहले दर्ज मामलों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चोरी के वाहनों को कहां और कैसे बेचते थे।पुलिस का कहना है कि आगे की जांच में और खुलासे होने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित