खरगोन , फरवरी 22 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के मेनगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत सुखपुरी क्षेत्र में एमपीईबी कार्यालय के सामने रविवार शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बाइक सवार दो युवक अचानक सड़क पर आए एक घोड़े से टकरा गए। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पास से गुजर रहे एक कंटेनर की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों मृतकों की शिनाख्त फिलहाल नहीं हो सकी है।
हादसे की सूचना मिलते ही मेनगांव पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से मृतकों एवं घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना में घोड़ा भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए पशु चिकित्सालय भेजा गया है।
घटना के कारण चित्तौड़गढ़-भुसावल राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए यातायात को सुचारू कराया। मेनगांव पुलिस प्रकरण की विवेचना में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित