नयी दिल्ली , दिसंबर 12 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
श्री खरगे ने अपने शोक संदेश में कहा "पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शिवराज पाटिल के निधन से मुझे गहरा दुःख हुआ है। वे मेरे सम्मानित वरिष्ठ सहयोगी थे, जिनके साथ मेरे घनिष्ठ संबंध रहे और कई यादगार पल हैं। एक महान राजनेता श्री पाटिल ने महत्वपूर्ण संवैधानिक और संसदीय जिम्मेदारियों को निभाते हुए राष्ट्र की सेवा की और भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं में महत्वपूर्ण योगदान दिया।"उन्होंने कहा कि श्री पाटिल का निधन, कांग्रेस और उन सभी के लिए एक गहरा दुख है, जो उनकी सत्यनिष्ठा, संयम और जनसेवा के प्रशंसक थे। उन्होंने पूर्व लोकसभा अध्यक्ष के परिवार के लोगों, मित्रों और अनगिनत समर्थकों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में उन्हें शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की और दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित