नयी दिल्ली , अप्रैल 08 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुजरात के लोगों के संबंध में दिये गये अपने विवादित बयान पर खेद व्यक्त किया है।

श्री खरगे ने बुधवार को सोशल मीडिया पर सफाई देते हुए कहा कि उनके केरल में दिये गये चुनावी भाषण की कुछ बातों को जानबूझकर गलत तरीके से पेश किया गया है। उन्होंने लिखा कि वह अपनी ओर से जिम्मेदारी लेते हुए इस पर खेद व्यक्त करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुजरात के लोगों के प्रति उनके मन में हमेशा सर्वोच्च सम्मान रहा है और आगे भी रहेगा। किसी की भावनाओं को आहत करना उनका उद्देश्य कभी नहीं था।

गौरतलब है कि केरल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा था कि गुजरात के लोग 'अशिक्षित' हैं और नरेंद्र मोदी उन्हें आसानी से गुमराह कर सकते हैं, जबकि केरल के लोग अधिक शिक्षित और समझदार हैं।

इस बयान के बाद गुजरात और दिल्ली समेत कई जगहों पर कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित