नयी दिल्ली , जनवरी 21 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केरल विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस के नेताओं की दिल्ली में बैठक बुलायी है।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि यह बैठक पार्टी मुख्यालय इंदिरा भवन में 23 जनवरी को होगी।
गौरतलब है कि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा कांग्रेस नेतृत्व एक के बाद एक चुनावी राज्यों के नेताओं के साथ दिल्ली में बैठक कर रहा है। इस वर्ष विधानसभा चुनाव वाले राज्य पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुड्डुचेरी के नेताओं के साथ बैठक का दौर जारी है।
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस नेतृत्व ने 23 जनवरी को केरल कांग्रेस के अध्यक्ष, प्रभारी और राज्य के वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली बुलाया है। इस बैठक में पार्टी की संगठनात्मक रणनीति, गठबंधन और राज्य की मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता श्री खरगे करेंगे। बैठक में कांग्रेस नेता एवं लोक सभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पार्टी महासचिव के सी वेणुगोपाल भी मौजूद रहेंगे। सूत्रों के अनुसार केरल कांग्रेस का कहना है कि राज्य में कांग्रेस अकेले सरकार बनने की स्थिति में है। ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व प्रदेश नेताओं के साथ गठबंधन पर भी विचार विमर्श करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित