नयी दिल्ली , फरवरी 10 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अमेरिका के साथ हुए समझौते को 'ट्रैप डील' करार दिया और कहा कि इस समझौते की सच्चाई अब धीरे-धीरे सामने आ रही है और यह भारत के रणनीतिक, आर्थिक और कृषि हितों के खिलाफ है।
श्री खरगे ने मंगलवार को सोशल मीडिया एक्स के जरिए आरोप लगाया कि रूसी तेल को लेकर भारत की रणनीतिक मामलों से समझौता किया गया है। उन्होंने इसे देश की संप्रभुता पर सीधा हमला बताते हुए कहा कि किसानों के 'पीठ में छुरा' घोंपा गया है। पहली बार भारतीय कृषि को विदेशी उत्पादों के लिए पूरी तरह खोला गया है। व्हाइट हाउस के नए दस्तावेज में चुपचाप 'दालों' को शामिल किया गया, जो पहले संयुक्त बयान का हिस्सा नहीं थीं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने डेयरी क्षेत्र को लेकर भी चिंता जताते हुए आरोप लगाया कि अमेरिकी आनुवंशिक रूप से परिवर्तित (जीएम) पशु आहार के आयात से देश के दो करोड़ दुग्ध किसानों और देशी पशुधन को नुकसान होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित