यादगीर , अक्टूबर 30 -- कर्नाटक के यादगीर जिला प्रशासन ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के पूर्व गृह निर्वाचन क्षेत्र गुरमितकल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की शुक्रवार को आयोजित होने वाली रैली के लिए सशर्त अनुमति दी है।

यह अनुमति हाल ही में उस विवाद के बाद दी गई है जब कांग्रेस अध्यक्ष के पुत्र और राज्य मंत्री प्रियांक खरगे ने मुख्यमंत्री सिद्दारमैया से सरकारी और सहायता प्राप्त संस्थानों में आरएसएस की गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने का आग्रह किया था। इसके बाद राज्य मंत्रिमंडल ने निर्णय लिया कि सरकारी संपत्ति पर कार्यक्रम आयोजित करने वाले किसी भी संगठन के लिए पूर्व अनुमति अनिवार्य होगी।

सुरक्षा संबंधी विस्तृत समीक्षा के बाद यह अनुमति दी गई है। इससे पहले आयोजकों को सार्वजनिक व्यवस्था और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने की 10 विशिष्ट शर्तों के पालन का वचन देना पड़ा।

आयोजकों को निर्देश दिया गया है कि वे सुनिश्चित करें कि सार्वजनिक या निजी संपत्ति को कोई नुकसान न हो और यदि ऐसा होता है तो वे इसकी भरपाई करेंगे। किसी भी समुदाय को ठेस पहुँचाने वाले नारे लगाने या कोई ऐसा काम करने की भी मनाही है। साथ ही रैली में शामिल लोग अपने साथ कोई भी हथियार नहीं ले जा सकते। उन्हें यह भी ध्यान रखना होगा कि उनकी गतिविधियों से यातायात बाधित न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित