नयी दिल्ली , जनवरी 22 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर पंजाब कांग्रेस के नेताओं की गुरुवार को अहम बैठक बुलाई गई जिसमें प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी को तैयार करने की रणनीति तथा विवाद को दूर करने पर विचार किया गया।
बैठक में श्री खरगे के अलावा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, पार्टी महासचिव संगठन के सी वेणुगोपाल, प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल के साथ ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा बराड़, राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, गुरदासपुर के सांसद सुखजिंदर रंधावा, पार्टी कोषाध्यक्ष विजय इंदर सिंगला सहित कई नेता मौजूद रहे। बैठक में पार्टी की वरिष्ठ नेता तथा सीडब्ल्युसी की सदस्य अंबिका सोनी को भी बुलाया गया था।
यह बैठक कांग्रेस आला कमान ने बुलाई जिसमें अगले साल होने वाले चुनाव की रणनीति पर विचार करने के साथ ही पार्टी में चल रहे आंतरिक विवाद को दूर करने का प्रयास किया गया। बताया जा रहा है कि बैठक के बाद कई नेताओं से आला कमान ने अलग अलग भी बात की है।
पार्टी के लोकसभा सदस्य तथा पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी के हाल में वायरल हुए एक वीडियो के बाद इस बैठक को अहम माना जा रहा है। श्री चन्नी ने वीडियो में आरोप लगाया है कि वह अनुसूचित जाति के हैँ इसलिए पार्टी में उनकी अनदेखी की जा रही है। राज्य में अगले साल चुनाव है और चुनाव से पहले प्रदेश अध्यक्ष बदलने के कयासों के बीच श्री चन्नी का यह बयान महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित