नयी दिल्ली , जनवरी 23 -- बिहार कांग्रेस नेताओं के साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की बैठक हुई। इस बैठक में बिहार कांग्रेस के सभी छह विधायक, सांसद, विधान पार्षद सदस्य, अध्यक्ष, प्रभारी और बिहार से कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य बैठक में शामिल हुए।

बिहार विधानसभा चुनाव के बाद लगातार पार्टी विधायकों के टूटने की ख़बरों के बीच कांग्रेस नेतृत्व ने शुक्रवार को सभी वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली बुलाया। इस बैठक में विधायकों को एकजुटता दिखाने का संदेश दिया गया।

बैठक में शामिल हुए राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, "बिहार कांग्रेस के सभी विधायक बैठक में शामिल रहें उन्होंने कहा विधायकों की टूट की बात भ्रामक है। हमारे विधायकों के बारे में अफवाह फैलाया जा रहा था कि वो पार्टी छोड़ रहे हैं। ये सब बिल्कुल निराधार ख़बर है। कांग्रेस के बारे में इस तरह की ख़बर पूरी तरह से गलत है।"सूत्रों के अनुसार कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बैठक में कहा कि बिहार में बहुत बड़ा मौका है और वहां सबको एक साथ मिलकर पार्टी को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कांग्रेस के स्पेस को बढ़ाना है। हमें पार्टी को नकारात्मक राजनीति से बचाना है। जल्द ही बिहार में समन्वय समिति गठित की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित