चंडीगढ़ , दिसंबर 27 -- हरियाणा भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि रविवार को खरखौदा में होने वाली मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की विकास रैली भव्य और ऐतिहासिक होगी। उन्होंने शनिवार को रैली स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान सोनीपत जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, गोहाना जिला अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक तथा खरखौदा विधायक पवन खरखौदा भी उपस्थित रहे।
श्री बड़ौली ने कहा कि यह विकास रैली नायब सैनी सरकार द्वारा किये गये विकास कार्यों को जनता के समक्ष प्रस्तुत करने का सशक्त माध्यम बनेगी। उन्होंने बताया कि रैली 28 दिसंबर को पूर्वाह्न 10:30 बजे अनाज मंडी, खरखौदा में आयोजित होगी, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि होंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर विकास के इस उत्सव को सफल बनाने का आह्वान किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नायब सैनी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से हरियाणा की जनता संतुष्ट है। युवाओं को बिना पर्ची-खर्ची नौकरी,गरीब महिलाओं को सस्ती गैस, लाड़ो लक्ष्मी योजना के माध्यम से महिला सशक्तिकरण और किसानों की 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद जैसी योजनाओं से सरकार पर जनता का विश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बिना भेदभाव के हर क्षेत्र का विकास कर रही है और योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित