रायगढ़ , जनवरी 16 -- छत्तीसगढ़ में रायगढ़ जिले के खम्हार में आयोजित शिव महापुराण कथा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। धार्मिक श्रद्धा और आस्था से परिपूर्ण इस आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी शुक्रवार को मुख्य रूप से शामिल हुए।
श्री साय के साथ वित्त मंत्री ओपी चौधरी, रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, रायगढ़ महापौर जीवर्धन चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने शिव महापुराण कथा के आयोजनकर्ता मनु राठिया एवं उनके परिवार की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि मध्यम वर्गीय पृष्ठभूमि से होने के बावजूद मनु राठिया द्वारा इतने भव्य और दिव्य धार्मिक आयोजन का सफलतापूर्वक आयोजन किया जाना अत्यंत प्रशंसनीय है।
श्री साय ने भगवान शिव और माता पार्वती से मनु राठिया एवं उनके परिवार के साथ-साथ समस्त छत्तीसगढ़ पर कृपा बनाए रखने की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित