भरतपुर , मार्च 18 -- राजस्थान में सवाईमाधोपुर के रणथम्भौर बाघ अभयारण्य में दो बाघिन मां-बेटियों के बीच करीब डेढ़ मिनट तक चले संघर्ष के दौरान उनकी दहाड़ों से जंगल दहल गया।
वन विभाग के सूत्रों ने बुधवार को बताया कि इन दहाड़ों से जंगल सफारी पर गए पर्यटक भी बुरी तरह से सहम गए। बाघिन रिद्धि और उसकी बेटी माही के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर हुए संघर्ष में बेटी को मां के आगे झुकना पड़ा। सफारी पर आए पर्यटकों ने इस पूरे दृश्य को अपने कैमरे में भी कैद किया।
बताया गया कि सात वर्षीया बाघिन रिद्धि टी-124 और उसकी तीन वर्षीय बेटी आरबीटी-2504 माही के बीच जंगल के जोन नंबर तीन स्थित राजबाग में झाड़ियों के बीच हुई इस जंग में दोनों तीन से चार बार एक-दूसरे पर हमला करती रहीं, लेकिन बाद में दाल नही गलती देख बेटी बाघिन आरबीटी-2504 माही भागकर जंगल में गुम हो गई।
सूत्रों ने बताया कि क्षेत्राधिकार को लेकर दोनों के बीच यह कोई पहली जंग नही है। तीन महीने पहले भी मां-बेटी इसी जोन नंबर तीन में भिड़ गई थीं। इस हमले में रिद्धि के पैर में गंभीर चोट आई थी और माही के कान पर गहरा घाव लगा था। वन्य जीव विशेषज्ञों के अनुसार, रणथंभौर में बाघों के बीच इस तरह का संघर्ष सामान्य व्यवहार का हिस्सा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित