श्रीगंगानगर , दिसम्बर 26 -- संयुक्त विधि प्रवेश परीक्षा (क्लेट) में देशभर में प्रथम स्थान हासिल करने वाली राजस्थान में श्रीगंगानगर की 17 वर्षीय प्रतिभावान छात्रा गीताली गुप्ता को केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

श्री मेघवाल ने गीताली के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे की पढ़ाई में और अधिक ऊंचाइयां छूने का आशीर्वाद दिया।

कल रात श्री मेघवाल ने फोन पर गीताली गुप्ता से बातचीत की। उन्होंने गीताली की आगे की योजनाओं और पढ़ाई के बारे में विस्तार से जानकारी ली। गीताली ने श्री मेघवाल को बताया कि वह बेंगलुरु स्थित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एनएलयू) से कम्पनी कानून का पांच वर्षीय पाठ्यक्रम करना चाहती है। इस पर केंद्रीय कानून मंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि गीताली को अपनी इच्छानुसार पाठ्यक्रम चुनने में किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं आएगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि गीताली आगे भी इसी तरह अपनी मेहनत से परिवार, शहर और देश का नाम रोशन करती रहेंगी। श्री मेघवाल ने गीताली की इस सफलता को एक प्रेरणास्रोत बताया और कहा कि ऐसे युवा प्रतिभाएं देश के भविष्य को मजबूत बनाती हैं। उन्होंने इस बातचीत के दौरान गीताली को सलाह दी कि वह अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित रखें और कानूनी क्षेत्र में नैतिकता एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित