अहमदाबाद , फरवरी 19 -- क्लीनमैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस का प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 23 फरवरी को खुलेगा।
कंपनी की ओर से गुरुवार को यहां जारी बयान में कहा इसने अपने पहले आईपीओ के लिए 1,000 से 1,053 रुपये प्रति इक्विटी शेयर का प्राइस बैंड तयकिया है। शेयरों की फेस वैल्यू एक रुपये प्रति शेयर है। कंपनी का यह आईपीओ निवेश के लिए 23 फरवरी को खुलेगा और 25 फरवरी को बंद होगा। निवेशक कम से कम 14 इक्विटी शेयरों के लिए बोली लगा सकते हैं और उसके बाद 14 इक्विटी शेयरों के गुणांकों में आवेदन किया जा सकता है।
यह आईपीओ 1,200 करोड़ रुपये तक का फ्रेश इश्यू और प्रमोटर कुलदीप जैन, बीजीटीएफ वन होल्डिंग्स (डीआईएफसी) लिमिटेड और केईएमपीआईएनसी एलएलपी द्वारा 1,900 करोड़ रुपये तक का ऑफर-फॉर-सेल (ओएफएस) है। फ्रेश इश्यू से मिलने वाली 1,122.6 करोड़ तक की रकम का इस्तेमाल कंपनी और उसकी सहयोगी कंपनियों के पुराने कर्जों को पूरा या आंशिक रूप से चुकाने में किया जाएगा। इसके अलावा बची हुई रकम का इस्तेमाल जनरल कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए होगा।
उन्होंने बताया कि भारत की सबसे बड़ी कमर्शियल और इंडस्ट्रियल (सी एन्ड आई) रिन्यूएबल एनर्जी प्रोवाइडर क्लीनमैक्स 2010 में शुरुआत से लेकर अब तक करीब 15 साल के अनुभव के साथ क्लीनमैक्स नेट जीरो और डीकार्बोनाइजेशन सॉल्यूशंस देने में माहिर है। कंपनी डेटा सेंटर, एआई, टेक इंडस्ट्री और इंफ्रास्ट्रक्चर, सीमेंट, स्टील, मैन्युफैक्चरिंग, एफसीजी, फार्मा, रियल एस्टेट जैसे सेक्टर की बड़ी कंपनियों को रिन्यूएबल पावर और कार्बन क्रेडिट जैसी सुविधाएं देती है। क्लीनमैक्स के टेक ग्राहकों में अमेजन, एपल, सिस्को, इक्विनिक्स और गूगल शामिल हैं। वहीं पारंपरिक सी एन्ड आई ग्राहकों में अपार इंडस्ट्रीज, बजाज ऑटो, बैंगलोर इंटरनेशनल एयरपोर्ट, बीएएसएफ इंडिया, कॉनकॉर्ड बायोटेक, ग्रासिम इंडस्ट्रीज (बिड़ला पेंट्स डिवीजन), संसेरा इंजीनियरिंग, सोना कॉमस्टार और वेलस्पन लिविंग जैसी कंपनियां शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित