आगरा , फरवरी 20 -- क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेनकोविक 21 फरवरी शनिवार को अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ ताजमहल के दीदार के लिए आगरा पहुंचेंगे। उनके आगमन को देखते हुए ताजमहल को आम पर्यटकों के लिए करीब तीन घंटे तक बंद रखा जाएगा। दोपहर लगभग 12 बजे से तीन बजे तक स्मारक में सामान्य पर्यटकों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री दिल्ली से यमुना एक्सप्रेस वे के रास्ते आगरा पहुंचेंगे और लगभग 12 बजे एक निजी होटल में ठहरेंगे, जहां भारतीय परंपरा के अनुसार सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ उनका स्वागत किया जाएगा। अल्प विश्राम के बाद वह करीब एक बजे ताजमहल पहुंचेंगे और अपने परिवार के साथ लगभग डेढ़ घंटा वहां व्यतीत करेंगे।

ताजमहल भ्रमण के बाद प्रधानमंत्री होटल लौटकर दोपहर का भोजन करेंगे और इसके पश्चात आगरा किला का भी अवलोकन करेंगे। आगरा किला आम पर्यटकों के लिए बंद नहीं किया जाएगा, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था के बीच उनका भ्रमण कराया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित