चेन्नई , फरवरी 03 -- क्रेया विश्वविद्यालय ने मंगलवार को अपने सभी छात्रों को उद्यमी बनाने और छात्र संस्थापकों को अपना पहला उद्यम स्थापित करने में सक्षम बनाने के लिए निर्णायक कदम उठाते हुए आंध्र प्रदेश के श्री सिटी स्थित अपने परिसर में 'सेंटर फॉर एंटरप्रेन्योरशिप' (सीएफई) का शुभारंभ किया।
क्रेया विश्वविद्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, देश में अपनी तरह का यह अनूठा केंद्र नवाचार, उद्यमिता और उद्यम निर्माण को मजबूत करने के लिए विश्वविद्यालय की ओर से उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है। नीति आयोग और अटल इनोवेशन मिशन के तहत इंस्टिट्यूट फॉर फाइनेंशियल मैनेजमेंट एंड रिसर्च (आईएमएफआर) में विकसित किये गये 'कैटलिस्ट' से इसे सहयोग प्राप्त होगा।
कैरटलेन के संस्थापक मिथुन सचेती के सहयोग से स्थापित इस केंद्र का उद्घाटन भारत के स्टार्टअप क्षेत्र के संस्थापकों, निवेशकों और प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर पैनल चर्चा और संवाद के माध्यम इस बात पर विचार किया गया कि आज के तेजी से बदलते परिदृश्य में उद्यमों के निर्माण, विस्तार और उन्हें बनाए रखने के लिए क्या आवश्यक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित